logo

न्याय : भाई और चाचा के सामने रेत दिया था लड़की का गला, कोर्ट ने सिरफिरे को सुनाई फांसी की सजा

भाई और चाचा के सामने रेत दिया था लड़की का गला, कोर्ट ने सिरफिरे को सुनाई फांसी की सजा

सूरतः
12 फरवरी 2022 की शाम करीब 6 बजे  गुजरात के सूरत जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना घटी थी। जिसमें ग्रीष्मा वेकरिया नामक लड़की की सरेआम हत्या कर दी गई थी। इस मामले के आरोपी फेनिल पंकज गोयाणी को फांसी की सजा सुना दी गई है। हत्यारे फेनिल ने ग्रीष्मा के परिवार और सैंकड़ों लोगों की मौजूदगी में उसकी हत्या कर दी थी। दोषी एक साल से ग्रीष्मा को परेशान कर रहा था। इस मर्डर केस में सूरत की कोर्ट ने 70 दिनों के ट्रायल के बाद आखिरकार सजा सुना दी है। 


सुसाइड करने की कोशिश की थी
12 फरवरी 2022 की शाम फेनिल पंकज गोयाणी ने ग्रीष्मा को पकड़ लिया था। उसने एक धारदार चाकू उसके गले पर रखा था। ये सब कुछ ग्रीष्मा के घर के बगल में ही हो रहा था।  ग्रीष्मा का भाई और चाचा उसे बचाने भी आए, लेकिन उन्हें फेनिल ने घायल कर दिया। इसके बाद ग्रीष्मा का भी गला रेत दिया और लोग बस देखते रह गए। फेनिल ने सुसाइड की कोशिश की थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले में 190 गवाहों के बयान लिए गए। 


एक साल से परेशान कर रहा था
फेनिल और ग्रीष्मा स्कूल में साथ पढ़ते थे। वे दोनों एक ही कॉलेज में भी थे। ग्रीष्मा को फेनिल एक साल से लगातार परेशान कर रहा था। ग्रीष्मा जहां जाती थी, वो उसका पीछा करता था। मैसेज के जरिए वो उसे परेशान करता था। ग्रीष्मा के परिवार ने भी फेनिल को उससे दूर रहने की चेतावनी थी। लेकिन वो नहीं माना।