डेस्कः
फिल्म निर्माता अविनाश दास (Avinash das) को हिरासत में ले लिया गया है। उन पर सोशल मीडिया पर विवादित तस्वीर पोस्ट करने का आरोप हैं। गुजरात पुलिस (Gujarat Police) की क्राइम ब्रांच ने उनको हिरासत में लिया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया था। 14 मई को मामला दर्ज हुआ था। फिल्म लेखक रामकुमार सिंह ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।

क्या लिखा है ट्वीट में
रामकुमार सिंह ने ट्वीट कर कहा, "अभी कुछ ही देर पहले मित्र फिल्मकार अविनाश दास को अपने घर से निकलते ही मढ़ जेटी से गुजरात पुलिस की क्राइम ब्रांच के लोग उठाकर ले गए. उनकी जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है. पुलिस को यह नहीं करना था. हम लोग जरूरी कानूनी सलाह ले रहे हैं।" बता दें कि अविनाश पत्र रह चुकें हैं। उन्होंने 'अनारकली ऑफ आरा' फिल्म का निर्देशन भी किया है।

क्या है आरोप
अविनाश दास के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल की गृह मंत्री अमित शाह के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप है। साथ ही राष्ट्र ध्वज के अपमान का मामला भी दर्ज है। अविनाश दास ने सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। वहां राहत नहीं मिलने पर वह गुजरात हाईकोर्ट गये। हाईकोर्ट से भी अग्रिम जमानत नहीं मिली तो अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम एक्शन में आ गई।
