logo

दहेज में बुलेट नहीं मिली तो दूल्हे ने ससुर को पीटा, दुल्हन को कमरे में बंद कर रेप का प्रयास

दहेज में बुलेट नहीं मिली तो दूल्हे ने ससुर को पीटा, दुल्हन को कमरे में बंद कर रेप का प्रयास

द फॉलोअप डेस्क:

Dowry Case: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कोतवाली क्षेत्र में दहेज में बुलेट बाइक (Bullet Bike) की मांग पूरी नहीं होने पर एक शादी समारोह में विवाद हो गया। आरोप है कि जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हे ने दुल्हन और उसके पिता के साथ मारपीट की। विवाद इतना बढ़ा कि बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। इतना ही नहीं, अगले दिन दुल्हन ने अपने पति और उसके एक साथी पर कमरे में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। मामला उत्तर प्रदेश के एक कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

21 नवंबर को सामूहिक विवाह योजना के तहत हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, युवती की शादी 21 नवंबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। दोनों परिवारों के बीच पहले से ही विवाह की बातचीत तय थी। दुल्हन के पिता की इच्छा पर 22 नवंबर को गांव में दोबारा बारात और विवाह की अन्य रस्मों का आयोजन किया गया था। बारात पहुंचने पर दूल्हे का स्वागत किया गया। इसके बाद जयमाला की रस्म हुई। आरोप है कि जयमाला के बाद दूल्हे ने दुल्हन के पिता से दहेज में बुलेट बाइक की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

कमरे में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप

पीड़िता के अनुसार, विवाद के दौरान दूल्हे ने उसके और उसके पिता के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी और मारपीट होती रही। परिवार के बुजुर्गों ने बातचीत कर मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। पीड़िता ने अगले दिन एक और गंभीर आरोप लगाया। उसका कहना है कि पति और उसका एक साथी कमरे में घुस आए और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Dowry Demand CaseBullet Bike Dowry CaseGroom Assaults BrideDowry HarassmentBride Groom DisputeAttempted Rape Allegation