द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के मेरठ के हस्तिनापुर में एक निजी स्कूल संचालक की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या की जांच तक पहुंच गया है। शुरुआती तौर पर इसे सांप के काटने से हुई मौत माना जा रहा था लेकिन पुलिस की जांच में एक अलग ही कहानी सामने आने का दावा किया गया है। जिसे सुनकर हर कोई हैरान है।
मृतक अतुल कुमार पंवार (32) शुक्रवार सुबह अपनी जे. ब्लॉक कॉलोनी स्थित घर में मृत पाए गए थे। उनकी पत्नी दामिनी ने बताया था कि रात में गर्मी के कारण वह बेटे के साथ बाहर सोई थीं और सुबह जब वह चाय देने कमरे में गईं तो अतुल अचेत मिले। कमरे में एक सांप भी मिला था जिसके बाद घटना को पहले हादसा माना गया।

हत्या को पुलिस ने माना साजिश
अतुल के परिजनों ने मौत को लेकर शक जताया और पुलिस से जांच की मांग की। इसके बाद जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आने का दावा किया गया जिनसे पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या का मामला माना। पुलिस कि अतुल की पत्नी दामिनी और स्कूल में बस चालक के रूप में काम करने वाले तुषार के बीच कथित संबंधों की जांच के दौरान जानकारी सामने आई। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई और इसे सांप के काटने की घटना दिखाने की कोशिश की।
.jpg)
पहले बेहोश किया फिर सांप से कटवाया
जांच एजेंसियों के मुताबिक अतुल को पहले कथित रूप से नशीली दवा देकर बेहोश किया गया और बाद में सांप के जरिए मौत को प्राकृतिक घटना का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की परतें खुलीं।
इस मामले में पुलिस ने दामिनी, तुषार और दो अन्य आरोपियों उदय व सोनू को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक जांच अभी जारी है और सभी सबूतों की जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी। सांप के काटने से हुई एक सामान्य मौत समझे जा रहे इस मामले ने अब कथित साजिश और रिश्तों के विवाद की दिशा ले ली है।