logo

दिल्ली : अदालत ने पत्रकार मोहम्मद ज़ुबैर को चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा

अदालत ने पत्रकार मोहम्मद ज़ुबैर को चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा

डेस्क :
दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने ऑल्ट न्यूज़ के पत्रकार मोहम्मद ज़ुबैर को चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।  दिल्ली पुलिस ने अदालत से पाँच दिनों की हिरासत मांगी थी। जुबैर को सोमवार को दिल्ली पुलिस ने  धार्मिक भावनाओं को आहत करने और नफ़रत फैलाने के आरोप में गिरफ़्तार किया था। 


धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए किया कथित विवादित ट्वीट 
दिल्ली पुलिस ने  सुनवाई के दौरान अदालत से कहा कि मोहम्मद ज़ुबैर ने कथित तौर पर इन विवादित ट्वीट्स का इस्तेमाल धार्मिक भावनाओं को आहत करने और लोकप्रियता हासिल करने के प्रयास के तहत किया था। 

फोटो को एडिट करने का आरोप ठीक नहीं - वृंदा ग्रोवर
मोहम्मद ज़ुबैर की ओर से अदालत में पेश हुईं वकील वृंदा ग्रोवर ने कहा कि फोटो को एडिट करने का आरोप ठीक नहीं है क्योंकि वो तस्वीर दरअसल एक पुरानी हिंदी फ़िल्म से है।

 

जुबैर के ख़िलाफ 2018 के ट्वीट को लेकर हुई शिकायत 
दिल्ली पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा है कि ट्विटर हैंडल पर मिली एक शिकायत के बाद मोहम्मद ज़ुबैर के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार मोहम्मद ज़ुबैर ने 2018 में  कथित तौर पर जानबूझकर एक धर्म के अपमान के इरादे से तस्वीर पोस्ट की थी।  इस तरह के ट्वीट को सोशल मीडिया पर अन्य लोग आगे शेयर करने लगे जिससे सद्भाव बिगड़ने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका थी।