logo

दिल्ली : झारखंड पर्यटन नीति-2021 का सीएम हेमंत सोरेन ने किया शुभारंभ, कहा-ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी

झारखंड पर्यटन नीति-2021 का सीएम हेमंत सोरेन ने किया शुभारंभ, कहा-ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी

रांची: 

झारखंड की पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज दिल्ली में झारखंड पर्यटन नीति 2021 का शुभारंभ किया। इसकी मेजबानी पर्यटन, कला- संस्कृति, खेल और युवा मामले विभाग, झारखण्ड सरकार, फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने की। इस दौरान सीएम ने कहा कि पर्यटन का विकास होने से राज्य के लोगों विकास होगा। राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। लोकल स्तर पर लोगों को रोजगार मिल पाएगा। झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है यहां अनोखी चीजों का भंडार है। नेतरहाट का काफी मनोरम दृश्य है जिसे देखते ही बनता है। बता दें कि यह कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री हफिजुल हसन भी मौजूद रहे। 

 


इन स्थलों का विकास होगा 
नई नीति में पारसनाथ, मधुबन और इटखोरी को धार्मिक तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाना है। लातेहार-नेतरहाट-बेतला-चांडिल-दलमा-मिरचैया-गेतलसूद सर्किट जैसे इको-सर्किट का विकास किया जाएगा। इस नीति में पैराग्लाइडिंग, वाटर स्पोर्ट्स, रॉक क्लाइम्बिंग, मोटर ग्लाइडिंग भी शामिल है। बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से सटे होने के कारण झारखंड को भौगोलिक लाभ भी प्राप्त होगा। आज के कार्यक्रम में देश विदेश के निवेशकों को न्यौता दिया गया। सीएम का कहना है कि टूरिज्म से झारखंड को बढ़ावा मिलेगा। 


कई सुविधाएं दी जाएगी
निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नई पर्यटन नीति में  कई प्रोत्साहन और सब्सिडी की भी बात कही गयी है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से लाइसेंस, प्रोत्साहन और सब्सिडी की सुविधा दी जाएगी। कॉर्पोरेट और एनआरआई को आकर्षित करने के लिए भी इस नीति में विशेष प्रावधान किया गया है। ताकि निवेश को बढ़ावा मिले। पर्यटकों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए पर्यटक सुरक्षा बल, 24 घंटे की पर्यटक हेल्पलाइन और केंद्रीय नियंत्रण कक्ष की स्थापना सुनिश्चित की जा रही है।