डेस्कः
मध्य प्रदेश के धार जिले (Dhar district) में बेहद ही दर्दनाक घटना घटी है। यहां इंदौर से पुणे (Indore to Pune) जा रही एक बस पुल से नीचे नर्मदा नदी (Narmada river) में गिर गई। बस में बताया जा रहा है कि 15 लोग सवार थे। अब तक 13 लोगों के शव बरामद कर लिए गये हैं। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बस खलघाट (Khalghat) में टू-लेन पुल पर किसी वाहन को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई और नदी में जा गिरी।

मुख्यमंत्री ने राहत बचाव के दिए निर्देश
इंदौर और धार से NDRF की टीम मौके पर पहुंच है। बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh) ने प्रशासन को बचाव और राहत कार्य के आदेश दिए हैं। हादसा आगरा-मुंबई (एबी रोड) हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। घटनास्थल इंदौर से 80 किलोमीटर दूर है। पुल का आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे हैं।

कोई जीवित नहीं बचा
इस हादसे को लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दो बयान दिए। पहले उन्होंने 15 यात्रियों को जिंदा बाहर निकालने का दावा किया। लेकिन घटनस्थल पर मौजूद एम्बुलेंस के ड्राइवर ने बताया कि एक भी यात्री जीवित नहीं मिला है। इसके करीब दो घंटे बाद फिर गृहमंत्री ने बताया कि बस में 14 से 15 लोग ही सवार थे और किसी को भी बचाया नहीं जा सका। हालांकि, बस में कितने यात्री सवार थे? इसकी पुष्टि अब तक प्रशासन ने नहीं की है।