डेस्क :
कानपुर में भड़की हिंसा के बाद यूपी पुलिस ने कार्रवाई की है।पुलिस ने पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर बीजेपी के नेता को गिरफ्तार कर लिया है। बीजेपी के इस नेता का नाम हर्षित श्रीवास्तव बताया जा रहा है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने को लेकर की है। हर्षित युवा मोर्चे का पूर्व जिला मंत्री है। कानपुर के पुलिस आयुक्त विजय मीणा ने कहा है कि जो भी धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे।

पैगंबर मोहम्मद पर भाजपा नेता नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल की टिप्पणी पर बवाल
पैगंबर मोहम्मद पर भाजपा नेताओं नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल द्वारा की गई टिप्पणी पर विवाद अब भी जारी है।इससे पहले शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद एक इलाके में हिंसा भड़की थी। इसमें खास बात यह भी थी कि उस दिन प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति के साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी भी कानपुर में मौजूद थे। ईरान, इराक, कुवैत, कतर, सऊदी अरब, ईरान, यूएई,अफगानिस्तान, बहरीन, मालदीव, लीबिया और इंडोनेशिया सहित कम से कम 15 देशों ने विवादास्पद टिप्पणी को लेकर भारत के खिलाफ आधिकारिक विरोध दर्ज कराया है। वहीं भाजपा ने राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा को निलंबित कर दिया है और पार्टी की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को निष्कासित कर दिया गया है।

कानपुर हिंसा के बाद यूपी सरकार ने 21 IAS अधिकारियो का किया था तबादला
कानपुर हिंसा मामले में कानपुर की डीएम नेहा शर्मा का तबादला कर दिया गया है। इससे साथ यूपी के 21 आईएएस अफसरों का तबादला कर दिया गया है। अब कानपुर के नए डीएम विशाख जी होंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश के कानपुर में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बीजेपी प्रवक्ता के विवादित और कथित ‘अपमानजनक' टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को हिंसा भड़क गई थी। विवादित बयान के विरोध में जुमे की नमाज के बाद दुकानें बंद कराने के दौरान दो समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव किए थे। इस हिंसा के मामले में पुलिस ने 30 से अधिक लोगों को अबतक गिरफ्तार किया है।
