logo

असम में 472 करोड़ की ड्रग्स होगी नष्ट, खास इन्सिनरेटर का उद्घाटन; हिमंता ने रोड रोलर चलाकर ड्रग्स नष्ट की

narcos.jpg

गुवाहाटी
असम सरकार ने रविवार को ड्रग्स को नष्ट करने का एक राज्यव्यापी कार्यक्रम शुरू किया। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने नलबाड़ी जिले के डौलासाल में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य में पहली बार एक खास नशीले पदार्थों के इन्सिनरेटर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान प्रेस को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराए गए इस इन्सिनरेटर का इस्तेमाल अगले 10 दिनों में 472.51 करोड़ रुपये की कीमत वाली ज़ब्त ड्रग्स को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट करने के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने खुद ज़ब्त किए गए नशीले पदार्थों के एक बड़े जखीरे पर रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट किया। नष्ट किए जा रहे नशीले पदार्थों में लगभग 60 किलोग्राम हेरोइन, 38,000 किलोग्राम गांजा (जिसकी कीमत लगभग 190 करोड़ रुपये है) के साथ-साथ मेथामफेटामाइन, याबा टैबलेट, कोकीन, मॉर्फिन, कफ सिरप की बोतलें, पोस्ता भूसा और अन्य नशीले पदार्थ शामिल हैं।

पांच वर्षों में 3,227 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ ज़ब्त किए

सरमा ने कहा कि असम पुलिस ने पिछले पांच वर्षों में 3,227 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ ज़ब्त किए हैं और इस दौरान नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत लगभग 3,300 मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने कहा, "हर साल, हमने लगभग 1,000 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स ज़ब्त की हैं और इस कारोबार में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार किया है। कई लोगों को दोषी ठहराया जा चुका है और जेल भेजा जा चुका है। ज़ब्त ड्रग्स को सार्वजनिक रूप से नष्ट करना महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे समाज और नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों को एक कड़ा संदेश जाता है।"

म्यांमार से आने वाले नशीले पदार्थों के लिए एक ट्रांजिट कॉरिडोर बन गया है

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम तेजी से म्यांमार से आने वाले नशीले पदार्थों के लिए एक ट्रांजिट कॉरिडोर (आवागमन का रास्ता) बन गया है, जो पड़ोसी पूर्वोत्तर राज्यों से होते हुए पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाए जाते हैं। उन्होंने कहा, "ड्रग्स की तस्करी और अवैध व्यापार को केवल जांच के जरिए नहीं रोका जा सकता। हमें खुफिया जानकारी, तकनीक और राज्यों के बीच मजबूत तालमेल की जरूरत है। इसके मास्टरमाइंड अक्सर देश के बाहर से काम करते हैं और एजेंटों और सब-एजेंटों की कई परतों के जरिए अपना काम चलाते हैं।"


 

Tags - Drug Destruction Assam Police Special Incinerator Himanta Biswa Sarma Narcotics