रांची
रांची में नगर निगम के द्वारा शनिवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद मोरहाबादी स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के पास रहने वाली एक महिला का आशियाना उजड़ गया, जिसके बाद घंटों महिला परिवार और सामान के साथ सड़क किनारे बैठी रही। घटना की जानकारी मिलने पर रांची मेयर रौशनी खलखो देर रात पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं और महिला बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
रौशनी खलखो ने संबंधित अधिकारियों को महिला और उसके परिवार के लिए तत्काल अस्थायी ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही, पात्रता के आधार पर स्थायी आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू करने का आश्वासन दिया। महिला ने आरोप लगाया कि कार्रवाई से पहले उन्हें पर्याप्त सूचना नहीं दी गई थी।

मोरहाबादी, हरमू में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
बता दें कि मोरहाबादी रजिस्ट्री कार्यालय के पास से ऑक्सीजन पार्क की चहारदीवारी के किनारे और रांची कॉलेज के पीछे सरना टोली क्षेत्र तक अभियान चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि इन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। कार्रवाई के दौरान तिरुपति टावर परिसर के पास गिफ्ट-डीड की जमीन पर बनी एक अवैध दुकान को भी हटाया गया। इसके अलावा हरमू रोड स्थित शनि मंदिर के आसपास चिन्हित अतिक्रमण भी हटाया गया।