डेस्क :
कृषि कानूनों की वापसी के दौरान विरोध का प्रमुख चेहरा रहे किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अग्निपथ योजना की आलोचना की है। मोदी सरकार द्वारा लांच इस नई योजना को लेकर उन्होंने कहा कि इस योजना से चार साल बाद बेरोज़गारों की फ़ौज तैयार होगी। जो न देशहित में है औ न ही समाज हित में।

टिकैत ने ट्विटर पर किया ट्वीट,कहा अग्निवीरों को मिले बेरोज़गारी भत्ता या रोज़गार की गारंटी
इसी सप्ताह लांच नए सेना भर्ती योजना पर राकेश टिकैत ने ट्विटर पर लिखा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना से चार साल बाद सरकारी बेरोज़गार अग्निवीरों की फ़ौज तैयार होगी जो न देशहित में है न समाज हित में। उन्होंने कहा है कि सरकार या तो चार साल बाद अग्निवीरों को बेरोज़गारी भत्ता दे या रोज़गार की गारंटी।

देश के कई हिस्सों में हो रहे प्रदर्शन
मोदी सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर बिहार ,जयपुर समेत देश के कई हिस्सों में युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। इस स्कीम के तहर चार साल की नौकरी को लेकर युवाओं को काफ़ी ऐतराज़ है। एक ओर जहाँ मोदी सरकार के मंत्री और बीजेपी के मुख्यमंत्री इस स्कीम की अच्छाइयाँ गिना रहे हैं, वहीं विपक्षी नेताओं का कहना है कि इस स्कीम में कमियाँ हैं। केंद्र सरकार ने मंगलवार सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना लॉन्च की थी। इसके तहत साढ़े 17 साल से लेकर 21 साल की उम्र सीमा वाले युवाओं को चार सालों के लिए सेना में काम करने का मौक़ा मिलेगा। इसके बाद 25 फ़ीसद युवाओं को स्थाई कैडर में भर्ती होने का मौका मिलेगा। बाकी अग्निवीरो को वापस घर भेज दिया जायेगा।
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना से चार साल बाद ‘सरकारी बेरोजगार अग्निवीरों’ की फौज तैयार होगी जो न देशहित में है न समाज हित में। सरकार या तो चार साल बाद अग्निवीरों को बेरोजगार भत्ता दे या रोजगार की गारंटी। @PMOIndia @ministryofHome @rajnathsingh @ANI @PTI_News #youthempowerment pic.twitter.com/rpmO0EhsRM
— Rakesh Tikait (@RakeshTikaitBKU) June 16, 2022