logo

धनबाद में 15 करोड़ के मुआवजा घोटाले पर ACB की कार्रवाई, वाराणसी से जय निवास पांडेय गिरफ्तार

धनबाद में 15 करोड़ के मुआवजा घोटाले पर ACB की कार्रवाई, वाराणसी से जय निवास पांडेय गिरफ्तार

धनबाद: 
Dhanbad News:
धनबाद रिंग रोड जमीन मुआवजा घोटाले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक और गिरफ्तारी की है। इस बार एसीबी की टीम ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से जय निवास पांडेय उर्फ शास्त्री को पकड़ा है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें धनबाद लाया गया, जहां गुरुवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

2016 में सामने आया था मुआवजा घोटाला
धनबाद का यह चर्चित घोटाला वर्ष 2016 में सामने आया था। रिंग रोड निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सरकारी मुआवजे की रकम निकाली गई थी। इस पूरे फर्जीवाड़े में सरकारी खजाने को करीब 15 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

जांच में सामने आई जय निवास पांडेय की भूमिका
मामले की जांच के दौरान एसीबी को जय निवास पांडेय की संलिप्तता से जुड़े तथ्य मिले थे। इसके बाद जांच एजेंसी उनकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार एसीबी की टीम ने वाराणसी में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। धनबाद अदालत में पेशी के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अब तक 18 आरोपियों की गिरफ्तारी
इस मामले में एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। जय निवास पांडेय की गिरफ्तारी के बाद जेल भेजे गए आरोपियों की कुल संख्या 18 हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों में तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भी शामिल हैं। करीब एक दशक पुराने इस मामले में एसीबी सरकारी मुआवजे की राशि के कथित फर्जीवाड़े से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - Dhanbad ScamACB ActionJai Niwas PandeyRing Road ScamJharkhand New