कोलकाता:
टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज अरुण लाल 66 साल की उम्र में दूसरी बार दूल्हा बनने जा रहे हैं। अरुण लाल 38 साल की शिक्षिका बुलबुल साहा से शादी की तैयारियों में जुटे हैं। गौरतलब है कि अरुण लाल की होने वाली दूसरी पत्नी उनसे उम्र में 28 साल छोटी हैं। बताया जा रहा है कि अरुण और बुलबुल लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं। जानकारी मिली है कि शादी के कार्ड छप चुके हैं और इसे खास दोस्तों और रिश्तेदारों के बीच बांटा भी जा रहा है। शादी कोलकाता में होगी।

2 मई को कोलकाता में होगी इनकी शादी
मिली जानकारी के मुताबिक अरुण लाल, बुलबुल साहा के साथ 2 मई को कोलकाता के पीयरलेस इन होटल में विवाह बंधन में बंधेंगे। शादी के बाद रिसेप्शन भी दिया जायेगा। गौरतलब है कि अरुण लाल की पहली पत्नी का नाम रीना था। रीना काफी समय से बीमार चल रही हैं। कहा जाता है कि अरुण, रीना की सलाह पर ही दूसरी शादी कर रहे हैं। अरुण और बुलबुल ने करीब 1 महीने पहले सगाई की थी।
बंगाल क्रिकेट से जुड़े लोग भी होंगे शामिल
बता दें कि टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर अरुण लाल का जन्म 1 अगस्त 1955 को यूपी के मुरादाबाद में हुआ था। उन्होंने बंगाल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला। शादी समारोह में बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी, साथी क्रिकेटर्स, बंगाल के मौजूदा क्रिकेटर्स और परिवार के लोग शामिल होंगे।
साल 2016 में पता चला था कि अरुण लाल कैंसर से पीड़ित हैं। तब अरुण लाल ने कमेंट्री छोड़ दिया था। बाद में उन्होंने कैंसर को मात देकर बंगाल रणजी टीम की कोचिंग संभाली।

टीम इंडिया में बतौर सलामी बल्लेबाज खेले
अरुण लाल के अंतर्राष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने टीम इंडिया के लिए 16 टेस्ट और 13 वनडे मुकाबले खेले। टेस्ट में उन्होंने 729 रन वहीं वनडे में 122 रन बनाये। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अरुण लाला ने 156 मुकाबलों में 30 शतक की मदद से कुल 10, 421 रन बनाये।