logo

साहिबगंज में चाकूबाजी से युवक की मौत, भाई गंभीर, सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

devki.jpg

द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणचक स्टेशन परिसर में सोमवार को मामूली कहासुनी के बाद हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आगजनी भी की। मृतक की पहचान दलाही निवासी टोटो चालक मंतोष कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पैसेंजर को टोटो में बैठाने को लेकर मंतोष कुमार और काला बहियार निवासी जमशेद अंसारी के पुत्र के बीच पहले कहासुनी हुई थी। प्रारंभिक विवाद के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के युवक अपने भाइयों के साथ दुर्गा मंदिर परिसर पहुंचे और दोबारा विवाद शुरू हो गया।


इसी दौरान आरोपियों ने मंतोष कुमार पर रॉड और चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई पर भी रॉड से हमला किया गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मंतोष कुमार की मौत हो गई, जबकि उसके भाई का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने कल्याणचक बाजार की दुकानों को बंद करा दिया और मुख्य सड़क जाम कर दी। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी की गाड़ी को भी घेर लिया और चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा।


सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी मौके पर पहुंचे और मामले से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेवाल, राजमहल पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे और राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ काफी देर तक उग्र बनी रही। पुलिस प्रशासन की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।