logo

जामताड़ा में टोटो की चपेट में आने से महिला की मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

JAMT.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
जामताड़ा थाना क्षेत्र के पकडीह मंगलटोला के पास शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। मृतका की पहचान चिंकी देवी के रूप में हुई है। हादसा साइकिल, बाइक और टोटो की टक्कर के कारण हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, चिंकी देवी अपनी बेटी के घर से पैदल सड़क किनारे अपने घर लौट रही थीं। घर के पास पहुंचते ही यह हादसा हो गया। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक पहले एक साइकिल सवार से टकराई। इसके बाद बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुए टोटो ने महिला को कुचल दिया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल चिंकी देवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना साफ-साफ देखी जा सकती है। फुटेज में देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार बाइक पहले साइकिल सवार से टकराती है और फिर अनियंत्रित होकर टोटो से टकरा जाती है। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में टोटो ने महिला को टक्कर मार दी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे घटना की जांच कर रहे हैं और जल्द ही दोषियों को पकड़ने की कोशिश की जाएगी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया है और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।


 

Tags - Jharkhand News Jamtara News Jamtara Latest News Road Accident