द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ौदा घाट पर खरकई नदी में डूबने से 2 युवकों की मौत हो गयी। दरअसल आरबीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के 3 छात्र शनिवार को एक दोस्त का बर्थडे सेलिब्रेट करने खरकई नदी गए थे। पार्टी के बाद नदी में नहाने के दौरान सभी डूबने लगे, जिसमें एक युवक को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। जबकि देर रात तक 2 युवकों का पता नहीं चल सका। इधर, रविवार सुबह डूबे दोनों युवकों के शव को पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिए है। जिसके बाद बागबेडा पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
डूबे युवकों की पहचान कदमा निवासी शशांक झा (22) और मानगो निवासी शुभम कुमार (22) के रूप में हुई है, जबकि पार्थों को बचा लिया गया हैं। पार्थों को जुगसलाई के सेवा सदन अस्पताल में भती कराया गया है। तीनों युवक आरवीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के बीटेक के छात्र है और आदत्यपुर के ऑटो क्लस्टर में इंटर्नशिप कर रहे है। घटना की सूचना मिलते ही जिप सदस्य कविता परमार और बस्ती के अन्य लोग शनिवार शाम को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन से एनडीआरएफ या गोताखोरों की तैनाती की मांग की थी। रात में अंधेरा हो जाने के कारण तलाशी अभियान रोक दिया गया। वहीं रविवार को गोताखोरों के मदद से दोनों युवकों की खोज कर ली गयी।
दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलते ही तीनों युवकों के परिजन मौके पर पहुंचे। शुभम के मामा राजेश कुमार ने बताया कि शुभम मूल रूप से पलामू का रहनेवाल है और वर्तमान में मानगो में उनके घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। शनिवार को वह घर से बैग लेकर दोस्तों के साथ निकला था। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने नदी के आसपास दोनों युवकों की खोजबीन कराईं। लेकिन, अंधेरा होने की वजह से तलाशी अभियान में सफलता नहीं मिली। स्थानीय विधायक प्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और जिला परिषद सदस्य कविता परमार भी घटनास्थल पहुंची। उन्होंने अधिकारियों से बात कर टाटा स्टील रेस्क्यू टीम और गोताखोरों की मदद से लापता युवकों को खोजने की व्यवस्था करने की पहल की। वहीं, घटना के बाद बड़ौदा घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी। स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ नाराजगी भी देखी गयी।