द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नावा बाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव स्थित डरौना टोला में गुरुवार को एक गड्ढे से महिला का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रणजीत मेहता की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रणजीत मेहता ने अपनी प्रेमिका से शादी करने की मंशा से पत्नी प्रियंका की हत्या कर शव को जमीन में दफना दिया। परिजनों के अनुसार, प्रियंका मेहता पांडू थाना क्षेत्र के दरुआ तिसीबार गांव निवासी द्वारिका मेहता की पुत्री थी। उसकी शादी वर्ष 2019 में विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भूखला गांव निवासी रणजीत मेहता से हुई थी।

परिजनों का कहना है कि शादी से पहले ही रणजीत का तुकबेरा गांव की एक महिला से प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर वह अक्सर प्रियंका के साथ मारपीट करता था। दो दिन पूर्व परिजनों को सूचना मिली कि प्रियंका की हत्या कर शव को गड्ढे में गाड़ दिया गया है। मामले को लेकर नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों ने पहले विश्रामपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच और खोजबीन के दौरान गुरुवार को प्रियंका का शव जमीन के अंदर गाड़े गए गड्ढे से बरामद किया गया। शव निकालने के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई कराई गई।

जमीन के मालिक ने पुलिस को बताया कि गड्ढा पानी निकासी के उद्देश्य से खुदवाया गया था। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।