द फॉलोअप डेस्क
गुमला थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अचानक लापता होने का मामला सामने आया था। लापता व्यक्ति की पहचान बुधराम तिर्की के रूप में हुई थी, जिसकी गुमशुदगी को लेकर गुमला थाना में मामला दर्ज कराया गया था। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले, जिससे संदेह बुधराम की पत्नी रंथी देवी पर गहराने लगा। पूछताछ और अनुसंधान में यह बात सामने आई कि प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर बुधराम तिर्की की हत्या कराई, और उसका शव सिसई थाना क्षेत्र के सोंगरा जंगल में छिपा दिया गया। इसके बाद बुधराम के भाई ने सिसई थाना पहुंचकर अपनी भाभी समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमला एसपी के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रंथी देवी, सीताराम उरांव और पुनित उरांव (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर सोंगरा जंगल से बुधराम तिर्की का शव बरामद किया गया। इस संबंध में सिसई सर्किल इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में सिसई थाना कांड संख्या 03/2026, दिनांक 04 जनवरी 2026 को धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए गुमला जेल भेज दिया गया है।
