logo

कर्नल सोफिया पर बयान देने वाले मंत्री पर चुप क्यों है भाजपा – सुप्रियो भट्टाचार्य

supriyo0066.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा की मानसिकता सेना के खिलाफ है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया  पर दिए गए आपत्तिजनक बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने विजय शाह के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया, जिसके बाद इंदौर के मानपुर थाना में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। इसके बावजूद भाजपा उन्हें बचाने में लगी है और अपने मंत्रिमंडल से बाहर नहीं कर रही है।

उन्होने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि किसान आंदोलन के दौरान अजय मिश्रा टेनी के बेटे ने किसानों को जीप से रौंद दिया था, और बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों पर अत्याचार किया। बावजूद इसके भाजपा ने बृजभूषण के बेटे को टिकट दे दिया। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि, "उनकी रीढ़ में हड्डी नहीं है, जो अपने मंत्री विजय साह को बर्खास्त कर सकें।"

भट्टाचार्य ने भाजपा पर तिरंगा यात्रा को "नौटंकी" बताते हुए कहा, "धिक्कार है भाजपा पर, और हमें सेना पर गर्व है। इंदिरा गांधी ने 1971 में पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे। आज भी समय था कि पाकिस्तान को फिर से विभाजित कर बलूचिस्तान बनाया जाए। भाजपा सेना के वैभव को धूमिल कर रही है।"
उन्होंने तीनों सेनाओं के प्रमुख और महामहिम राष्ट्रपति महोदया से आग्रह किया कि भारत के लोकतंत्र पर हुए इस हमले पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान उन्होने कहा, "ऐसा लगता है कि मध्य प्रदेश अब हिंदुस्तान का हिस्सा नहीं रह गया है, क्योंकि वहां के मंत्रियों को भारत के लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है।"

Tags - SUPRIYO BHATTACHARYA BJP COLONEL SOFIA NATIONAL NEWS JHARKHAND NEWS LATEST NEWS