logo

राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर, मुख्यमंत्री, बाबूलाल मरांडी सहित तमाम नेताओं ने जताया दुख

राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर, मुख्यमंत्री, बाबूलाल मरांडी सहित तमाम नेताओं ने जताया दुख

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। पक्ष-विपक्ष के नेता ट्वीट कर शोक जता रहे हैं। सबसे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक जताया है। इधर विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी दुख जताया है। 

सीएम ने किया ट्वीट
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा है "अपूरणीय क्षति! हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे! आज झारखण्ड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया। चेन्नई में इलाज के दौरान आदरणीय जगरनाथ महतो जी का निधन हो गया। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।"

 

बाबूलाल ने भी जताया दुख
भाजपा विधायक दल के नेता व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि "झारखंड सरकार के मंत्री श्री जगरनाथ महतो जी के चेन्नई के अस्पताल में निधन की बेहद दुःखद सूचना मिली है। लंबे समय से बीमारी को हराते हुए योद्धा की भांति डंटे रहने वाले जगरनाथ जी का चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखदायी है। राजनैतिक भिन्नताओं के बावजूद व्यक्तिगत रूप से उनकी जीवटता का मैं सदैव प्रशंसक रहा हूं। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। भावभीनी श्रद्धांजलि ॐ शांति ॐ शांति।"


बन्ना गुप्ता ने कहा अलविदा 
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी ट्वीट कर जगरनाथ महतो को अलविदा कहा है। उन्होंने लिखा कि  "अलविदा जगरनाथ दा! आज हम सभी ने अपना अभिभावक,झारखंड ने एक आंदोलनकारी और राज्य की जनता ने एक लोकप्रिय नेता खो दिया। चेन्नई में इलाज के दौरान जगरनाथ महतो जी का निधन हो गया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार और समर्थकों को दुःख सहन करने की शक्ति दे। ॐ शांति

मिथिलेश ठाकुर ने जताया दुख

पेयजल मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने भी ट्वीट कर दुख जातया है। उन्होंने लिखा कि "शिक्षा मंत्री श्री जगरनाथ महतो जी के निधन की सूचना पाकर स्तब्ध हूं। उनका निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे। श्री जगरनाथ महतो बड़े भाई समान थे। आप बहुत याद आएंगे जगरनाथ दा। विनम्र श्रद्धांजलि! ॐ शांति!"

 

बादल पत्रलेख ने भी किया ट्वीट

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने भी शोख जताया है। उन्होंने लिखा "चेन्नई में इलाजरत लोकप्रिय नेता,झारखंड आंदोलनकारी, साथी मंत्री टाइगर जगरनाथ महतो का निधन पूरे झारखंड वासियों के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार और उनके असंख्य चाहने वालों को दुःख की इस विकट घड़ी सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति"

 

 

चंपई सोरेन ने दी श्रध्दांजलि

झारखंड सरकार के मंत्री चंपई सोरेन ने श्रध्दांजलि देते हुए लिखा है कि "वरिष्ठ झामुमो नेता, पुराने मित्र तथा झारखंड मंत्रिमंडल में सहयोगी जगरनाथ महतो जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।"

अविनाश पांडे ने पूरे राज्य के लिए बताया अपूरणीय क्षति

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने शिक्षा मंत्री के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने इसे पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताई है। अविनाश पांडे ने ट्वीट कर लिखा है कि  शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का निधन राज्य के लिए अथवा हम सभी के लिए एक अपूरणीय क्षति है । ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें ।