सरायकेला–खरसावां
जिला प्रशासन की पहल पर बुधवार को AQUALINE BHUVANAM - पानी की खेती परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस नवाचारी पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य वर्षा जल संचयन, भू-गर्भ जल पुनर्भरण (Recharge) और जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, ताकि क्षेत्र में भूजल स्तर बढ़े और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला की छात्राओं को स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) उपस्थित रहे। उनके आगमन पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने बैंड के साथ उनका स्वागत किया और उन्हें AQUALINE BHUVANAM – पानी की खेती परियोजना स्थल तक ले जाया गया। इसके बाद पारंपरिक विधि-विधान के साथ परियोजना का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

इस मौके पर Rtn. रथिन भद्र, Rtn. राजा बागची (संस्थापक, AQUALINE BHUVANAM), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO), जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) तथा इंडियन स्टार्टअप एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद विद्यालय परिसर में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें परियोजना के उद्देश्य और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान Rtn. रथिन भद्र ने AQUALINE BHUVANAM – पानी की खेती परियोजना पर प्रस्तुति देते हुए वर्षा जल संग्रहण, भूजल पुनर्भरण और जल के सतत उपयोग की प्रणाली के बारे में बताया।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से वर्षा जल का वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण कर उसे भूगर्भ में पुनर्भरित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में जल स्तर में सुधार होगा। साथ ही मिट्टी में नमी (Soil Moisture) बनी रहेगी, जिससे पौधों और हरित क्षेत्र को लाभ मिलेगा तथा स्थानीय पर्यावरण संतुलन भी मजबूत होगा।
.jpeg)
अपने संबोधन में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल केवल विद्यालय परिसर तक सीमित नहीं रहेगी। इस तकनीक के माध्यम से जिले के आदिवासी समुदाय और किसानों को भी वर्ष भर खेती के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है। इससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे केवल नौकरी करने वाली नहीं, बल्कि नौकरी देने वाली बनने का लक्ष्य रखें। पढ़ाई के साथ अपने आसपास की समस्याओं और संसाधनों को समझते हुए नवाचार की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप के क्षेत्र में सरकार युवाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहित कर रही है।
उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन छात्राओं की बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखेगा। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। जिला प्रशासन का मानना है कि AQUALINE BHUVANAM – पानी की खेती एक प्रभावी, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ पहल है। इसके सकारात्मक परिणामों को देखते हुए भविष्य में इस तकनीक को जिले के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की योजना बनाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके और जल संरक्षण के क्षेत्र में एक मजबूत उदाहरण स्थापित हो सके।
