देवघर:
Deoghar News: झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर 15 नवंबर को देवघर में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य ‘Run For Cleanliness’ (स्वच्छता दौड़) का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे स्थानीय इंडोर स्टेडियम परिसर से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता दौड़ को रवाना किया। दौड़ इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर पटेल चौक होते हुए जलसार तालाब तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से आम लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिले के वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, स्कूली बच्चों, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के प्रतिनिधियों, सफाई मित्रों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की।

जलसार तालाब छठ घाट पर चलाया गया विशेष सफाई अभियान
स्वच्छता दौड़ के समापन के बाद जलसार तालाब परिसर स्थित छठ घाटों पर व्यापक श्रमदान सह सफाई अभियान चलाया गया। लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर एवं जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में उपायुक्त और अन्य वरीय पदाधिकारियों ने स्वयं हाथों में झाड़ू और फावड़ा थामकर घाटों तथा तालाब के किनारों की साफ-सफाई की। इस दौरान पूरे घाट परिसर से कचरा, पॉलिथीन और अपशिष्ट पदार्थों का निस्तारण किया गया। साथ ही आम लोगों को जलस्रोतों को प्रदूषित नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों के इस कदम से उत्साहित होकर स्थानीय नागरिकों, युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर श्रमदान किया और घाटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान दिया।

स्वच्छ एवं विकसित देवघर बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी : उपायुक्त
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने जिलेवासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस और छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि अपने राज्य और शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की यह पवित्र नगरी देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में देवघर के सभी सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उपायुक्त ने आगे कहा कि ‘Run For Cleanliness’ और छठ घाटों की सफाई के माध्यम से प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जन-जन को स्वच्छता अभियान से जोड़ना है। जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ एवं विकसित देवघर तथा झारखंड के सपने को साकार किया जा सकता है।

स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील
उपायुक्त ने सभी देवघरवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करें तथा स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त देवघर के निर्माण में जिला प्रशासन का सहयोग करें। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों और उपस्थित नागरिकों को अपने घर, मोहल्ले व शहर में स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
ये अधिकारी और नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, महापौर रवि राउत, उपमहापौर टिप चैटर्जी, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी के अलावा जिले के प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मी, स्कूली बच्चे, नगर निगम की टीम, सफाईकर्मी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।