द फॉलोअप, रांची
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की तैयारी के तहत झारखंड में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के 147 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव के. रवि कुमार ने कार्मिक, ग्रामीण विकास, राजस्व एवं भूमि सुधार तथा नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिवों को पत्र भेजकर इन पदों पर प्राथमिकता के आधार पर अधिकारियों की पदस्थापना करने का अनुरोध किया है।

भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देश के आलोक में भेजे गए पत्र में कहा गया है कि राज्य में AERO के लिए अधिसूचित 147 पद वर्तमान में रिक्त हैं। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए इन पदों को शीघ्र भरना आवश्यक है। निर्वाचन विभाग ने संबंधित विभागों से रिक्त पदों पर अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्य बिंदु
झारखंड में AERO के 147 पद रिक्त।
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को देखते हुए कार्रवाई।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विभागों को पत्र जारी।
रिक्त पदों पर प्राथमिकता के आधार पर पदस्थापना का अनुरोध।
सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्तों को भी सूचना भेजी गई।
