logo

गुमला में गैस सिलेंडर को लेकर हंगामा, लोगों ने किया सड़क जाम, प्रशासन बोला- आपूर्ति पर्याप्त और सामान्य

yitim7t.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। प्रशासन की ओर से लगातार यह आश्वासन दिया जा रहा है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, सभी उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर नियमित रूप से घर-घर पहुंचाया जा रहा है। इसके बावजूद, कई स्थानों पर भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति देखने को मिल रही है। समाहरणालय के समीप बड़ी संख्या में लोगों ने गैस सिलेंडर की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। लोगों ने यह भी बताया कि आगामी ईद और सरहुल जैसे त्योहारों को देखते हुए उनकी परेशानी और बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर गैस वितरण व्यवस्था ठीक से लागू नहीं हो पा रही है, जिसके कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत ने कहा कि गुमला जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में अब अधिक मात्रा में गैस की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन लोगों के बीच बनी आशंका के कारण वे अनावश्यक रूप से परेशान हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नियमित रूप से गैस सिलेंडर की आपूर्ति घर-घर की जा रही है और किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा लगातार गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी की जा रही है तथा गैस एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इस बीच, डीसी प्रेरणा दीक्षित ने भी कई बार बैठक कर गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग करने और त्योहारी सीजन को देखते हुए समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें, क्योंकि सभी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

 

Tags - Gumla LPG gas crisis Gas supply protest India Gumla road blockade gas issue Government gas supply assurance India Domestic LPG cylinder demand India Festival gas shortage India Eid Sarhul preparations gas issue Public protest gas supply Gumla