द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में भरही-रबदा बॉर्डर के पास स्थित लाली माटी जंगल में मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला और अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह कुछ लोग अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल में पड़े शव पर पड़ी। यह खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल प्रतापपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महिला का शरीर करीब 30 से 50 प्रतिशत तक जला हुआ है, लेकिन जिस स्थान पर शव मिला है, वहां आसपास आग लगने या कुछ जलाए जाने के कोई निशान नहीं मिले हैं। शव की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और पहचान छिपाने या साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को लाकर जंगल में फेंक दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी, पहचान कराने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस शव की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। फिलहाल महिला की पहचान और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह तथा घटना से जुड़े तथ्यों का पता चल सकेगा।