जामताड़ा
जामताड़ा के मालवा गांव के समीप आज सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला. मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र के गोबिंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग का है. खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई. घटना की सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है.

अब तक नहीं हो पाई मृतक की शिनाख्त
अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और जिले के अन्य थानों से हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है. इसके साथ ही हाइवे पर स्थित सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा सकती है ताकि घटना की वास्तविकता का पता चल सके. हाइवे के किनारे शव मिलने से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास भी इस व्यक्ति या घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो वे तुरंत स्थानीय थाने को सूचित करें ताकि मामले का जल्द खुलासा हो सके.
.jpeg)