द फॉलोअप डेस्क
बिहार के दरभंगा जिले से नए साल की पार्टी के बाद हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले की खबर सामने आई है। दरभंगा के कबीरचक गांव में कुछ दोस्तों ने आपसी विवाद के चलते अपने ही दो दोस्तों की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी की रात आठ दोस्तों ने न्यू ईयर पार्टी की थी। पार्टी के दौरान किसी बात पर झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मन्ना महतो और बादल मंडल पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। एक शव को लावारिस हालत में फेंक दिया गया, जबकि दूसरे शव को मिट्टी के गड्ढे में दबाकर छिपा दिया गया।

परिजनों की गुमशुदगी की शिकायत के बाद मन्ना महतो का शव गेहूं के खेत से बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में एक आरोपी ने कबूल किया कि बादल मंडल की भी हत्या की गई है। रविवार को पुलिस ने आरोपी छोटू के निशानदेही पर मिल्कीचक गांव के एक बगीचे से बादल का शव बरामद किया। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और मिट्टी से ढके हुए थे। पुलिस ने आरोपी छोटू (अनिल कुमार का पुत्र) को गिरफ्तार कर लिया है। कुल आठ दोस्तों पर दोनों युवकों की हत्या का आरोप है। मृतक बादल के भाई गुड्डू मंडल ने बताया कि पार्टी में बादल और ऋतिक के बीच विवाद हुआ, जो बाद में बढ़ गया और उसके बाद दोनों युवकों की हत्या कर दी गई।

एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद सामने आया है, हालांकि अभी सटीक कारण स्पष्ट नहीं है। आगे की जांच और कुछ और गिरफ्तारियों के बाद मामले का पूरा खुलासा होगा।