द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पंड़वा थाना क्षेत्र में दो साल का बच्चा घर से गायब हो गया है। बच्चे के पिता, प्रमोद कुमार मेहता (23 वर्ष) ने बताया कि उनका बेटा अंकुश कुमार करीब 12 दिन पहले घर के आसपास खेल रहा था, लेकिन तब से वह घर नहीं लौटा। पिता ने बताया कि बच्चे को खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई पता नहीं चला। अंकुश कुमार सांवला रंग का है, लगभग 2.5 फीट लंबा है, बाल काले-भूरे हैं और दो साल का है। वह मम्मी-पापा बोल सकता है। अंकुश कुमार ने उस समय स्वेटर और ईनर पहना था, नीचे शरीर नंगा था। गले में लाल धागे से बजरंगबली का लौकेट और हाथ में चांदी का कंगन (बैरा) पहना हुआ था। बच्चे के पिता ने पंडुवा थाना में आवेदन देकर अपने बेटे की वापसी की गुहार लगाई है। पुलिस ने लापता बच्चे के मामले में जांच शुरू कर दी है।
