द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के पारा इलाके में रहने वाली दो सगी बहनों ने फिनायल पीकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें अपने पालतू कुत्ते की लंबे समय से चल रही गंभीर बीमारी के कारण मानसिक तनाव में थी। फिलहाल दोनों मृतक बहनों की पहचान 24 वर्षीय राधा सिंह और 22 वर्षीय जिया सिंह के रूप में हुई है। दरअसल ग्रेजुएट पास दोनों बहनें पारा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहती थी। घर में जर्मन शेफर्ड नस्ल का एक कुत्ता पाल रखा था, जिसका नाम टोनी था। टोनी पिछले एक महीने से गंभीर रूप से बीमार चल रहा था। उसका लगातार इलाज कराया जा रहा था। हालांकि हालत में कोई खास सुधार नहीं हो रहा था। दोनों बहनों का टोनी से बेहद गहरा भावनात्मक लगाव था। परिजनों का कहना है कि अगर टोनी खाना नहीं खाता था तो दोनों बहनें भी खाना नहीं खाती थी। यहीं वजह थी कि टोनी की तबियत बिगड़ने के बाद दोनों बहनें अंदर से टूट गईं थीं।

इसी बीच मां गुलाबा देवी ने अपनी बेटियों को दुकान से सामान लेने के लिए भेजा था। दुकान से वापस घर आने के बाद बेटियां कराहने लगी थी। मां के पूछने पर बेटियों ने बताया कि उन्होंने फिनायल पी लिया है। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया था। मां ने शोर मचाकर आसपास के लोगों और परिजनों को बुलाया और दोनों बेटियों को अस्पताल ले गए। जहां दोनों बेटियों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं दोनों शवो का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पारा एसएचओ ने बताया कि दोनों बहनें कुत्ते के बीमारी होने से परेशान थी। वो मानसिक रूप से टूट गईं थीं।
