logo

चतरा में नक्सलियों के दो गुटों में खूनी संघर्ष, दो की मौत; तीन गंभीर घायल

tspc2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेंदरा गांव में रविवार देर रात नक्सलियों के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर जबरदस्त टकराव हो गया। इस हिंसक झड़प में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एनआईए का पूर्व आरोपी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। अचानक हुई फायरिंग से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबक गए। पुलिस के अनुसार लावालौंग थाना क्षेत्र के रहने वाले धीरेन्द्र गंझू और चूरामन गंझू अपने समर्थकों के साथ हथियारबंद होकर गेंदरा गांव पहुंचे थे। उनका निशाना श्याम गंझू का घर बताया जा रहा है। दोनों गुटों के बीच पहले से वर्चस्व और आपसी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था।

हमले के दौरान दूसरे पक्ष ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई। इस दौरान धीरेन्द्र गंझू और चूरामन गंझू को गोली लगी और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष से श्याम गंझू उर्फ श्याम भोक्ता, उनकी पत्नी और साले गोपाल गंझू गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें स्थानीय स्तर पर इलाज दिया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण तीनों को रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। घायल श्याम भोक्ता का नाम पहले भी कई गंभीर मामलों में सामने आ चुका है और वह एनआईए का आरोपी रह चुका है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि यह मामला पूर्व नक्सलियों के आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि मारे गए धीरेन्द्र गंझू पर 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। दोनों गुट पहले प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी से जुड़े रहे हैं। सूचना मिलते ही कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि इस खूनी संघर्ष की असल वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।