द फॉलोअप डेस्क
रांची से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां दो मासूम भाई-बहन कल से लापता हैं। इस घटना के बाद से परिवार बहुत परेशान हैं। परिजन लगातार बच्चों की तलाश में भटक रहे हैं। दोनों बच्चे रांची के शालीमार बाजार इलाके से लापता हुए हैं। लापता बच्चों में बच्ची का नाम अंशिका कुमारी है, जिसकी उम्र लगभग 4 वर्ष है। अंशिका ने लापता होने के समय पीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। वहीं उसका छोटा भाई अंश कुमार, जिसकी उम्र करीब 3 वर्ष है, उसने नीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। दोनों मासूम भाई-बहन रांची के जगन्नाथपुर मौसीबाड़ी क्षेत्र के निवासी हैं। परिजनों के अनुसार, बच्चे घर के आसपास या बाजार के क्षेत्र में थे, लेकिन कुछ ही देर में उनका कोई पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्चों का कहीं सुराग नहीं मिला, तो परिवार की चिंता और बढ़ गई। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में लगातार पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। बच्चों के माता-पिता और परिजन बेहद सदमे में हैं। छोटे बच्चों के लापता होने से परिवार हर पल डर के साये में जी रहा है। उन्होंने लोगों से भावुक अपील की है कि यदि किसी को भी ये दोनों बच्चे कहीं दिखाई दें या उनसे जुड़ी कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत संपर्क करें। यदि किसी व्यक्ति को अंशिका कुमारी या अंश कुमार दिखाई दें, या उनके बारे में कोई भी सुराग मिले, तो कृपया बिना देर किए मोबाइल नंबर 9006252192 पर सूचना दें। आपकी एक छोटी-सी मदद इन मासूम बच्चों को उनके परिवार से मिलाने में अहम भूमिका निभा सकती है। बच्चे दोपहर ढाई बजे बगल के किराना दुकान से कुछ खाने का सामान लाने गये थे तब से गायब हैं।
