द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चतरा जिले के दो युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना बुधवार देर रात मनातू थाना क्षेत्र के समीप हुई। मृतकों की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के कसमार निवासी मनोज तुरी (25) और प्रतापपुर निवासी प्रेम भारती (32) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मनातू पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया। गुरुवार को एमएमसीएच में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान एमएमसीएच टीओपी प्रभारी महेंद्र कुमार ने मृतकों के परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर प्रतापपुर से मनातू थाना क्षेत्र के डुमरी गांव गए थे। डुमरी गांव मनोज तुरी का ससुराल है। रात में सभी एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मनातू थाना के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में मनोज तुरी और प्रेम भारती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर भेजा गया, लेकिन एमएमसीएच पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई।
