रांची
खूंटी के दर्दनाक हादसे में पुल की रेलिंग तोड़कर 20 फीट नीचे गिरी थार दुर्घटना में बड़े भाई की मौत हो गई। ये हादसा रांची-चाईबासा मुख्य सड़क पर मुरहू थाना क्षेत्र के बिंदा और सांडीगांव के बीच हुआ, जब थार वाहन एक परिवार को लेकर हिरनी फॉल से लौट रहा था। मिली खबरों में बताया गया है कि तेज रफ्तार थार वाहन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 20 फीट नीचे चला गया। इस दुर्घटना में रांची के डोरंडा गौरीशंकर नगर निवासी उज्जवल साहू की जान चली गई और उनकी बहन काजल गुप्ता, भाई सागर कुमार गुप्ता और बहनोई दीपू गुप्ता जख्मी हो गए। बताया गया है कि घायलों में दीपू गुप्ता की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि काजल गुप्ता और सागर कुमार गुप्ता खबर लिखे जाने तक खतरे से बाहर हैं। सभी घायलों का इलाज खूंटी सदर अस्पताल में किया गया। इसके बाद उनको रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है।

हिरनी फॉल से लौटते समय हुआ हादसा
अस्पताल में भर्ती जख्मी सागर कुमार गुप्ता ने बताया कि वे रांची के गौरीशंकर नगर, डोरंडा के निवासी हैं। रविवार को वे अपनी बहन काजल गुप्ता, जीजा दीपू गुप्ता और बड़े भाई उज्जवल साहू हिरनी फॉल भ्रमण के लिए आए थे। लौटने के दौरान उज्जवल साहू थार चला रहे थे। सांडीगांव से आगे बढ़ने के बाद बिंदा के पास पुलिया के समीप थार वाहन अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। हालांकि इस समय थार की गति बहुत अधिक नहीं थी।
