logo

गुमला : आंजन टोल प्लाजा पर व्यापारियों का जोरदार प्रदर्शन, 2 दिन में समाधान के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन

gumla_news_toll_protest.jpg

गुमला
गुमला में चेंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर सैकड़ों लोगों ने आंजन टोल प्लाजा पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने टोल से जुड़ी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की. प्रशासन एवं टोल एजेंसी की ओर से दो दिनों के भीतर लिखित आश्वासन मिलने के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया. चेंबर पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पुनः उग्र आंदोलन किया जाएगा. चेंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में शुक्रवार को नागफेनी स्थित आंजन टोल प्लाजा द्वारा स्थानीय लोगों से मनमाने तरीके से लिए जा रहे टोल टैक्स के विरोध में व्यापारी एकता का परिचय देते हुए धरना प्रदर्शन किया गया. मौके पर मुख्य संयोजक एफजेसीसीआई के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ टोल प्लाजा द्वारा की जा रही बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि आंजन टोल प्लाजा द्वारा मनमाने तरीके से टोल वसूली के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी. राज्य सहित अन्य स्थानों पर स्थानीय लोगों को टोल में रियायत मिलती है, लेकिन यहां मनमानी की जा रही है.

करीब 100 व्यापारियों ने टोल प्लाजा के खिलाफ ख़ाल मोर्चा
वहीं चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी ने कहा कि आंजन टोल प्लाजा के खिलाफ पहले भी कई बार लिखित और मौखिक वार्ता की जा चुकी है. व्यापारियों के हितों की रक्षा करना चेंबर का प्रमुख कर्तव्य है. गुमला के व्यापारी काफी शांत और सहनशील हैं, जिसका गलत फायदा टोल प्लाजा के लोग उठा रहे हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष राजेश सिंह, सचिव प्रणय कुमार, उपाध्यक्ष बबलू वर्मा, अभिजीत जायसवाल, शशि प्रिया बंटी, अनमोल गुप्ता, दामोदर कसेरा, अनिकेत कुमार, आनंद गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने “व्यापारी एकता जिंदाबाद”, “टोल प्लाजा की मनमानी नहीं चलेगी”, “टैक्स वसूली नहीं चलेगी” जैसे नारों के साथ लगभग 100 व्यापारियों के साथ प्रदर्शन किया.

3 घंटे चला प्रदर्शन दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार
करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के दौरान टोल प्लाजा के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई. इसके बाद टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक चमन कुमार साहू, साइट इंजीनियर पवन कुमार, सिसई सीओ अशोक बड़ाइक और सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार ने मौके पर पहुंचकर बातचीत की. थाना प्रभारी एवं चेंबर के संयुक्त प्रयास से जाम में फंसे वाहनों को बिना टोल शुल्क के पार कराया गया.

2 दिनों के अंदर स्थानीय निजी वाहनों को छूट देने का आश्वाशन
वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया कि दो दिनों के भीतर गुमला के स्थानीय निजी वाहनों को टोल से पूर्ण रूप से छूट देने पर उच्च अधिकारियों से बात कर लिखित सूचना जारी की जाएगी. आश्वासन मिलने के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया. चेंबर अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि समय पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पुनः उग्र आंदोलन किया जाएगा. मौके पर पूर्व अध्यक्ष दीपक गुप्ता, दिनेश अग्रवाल, शशि प्रिया बंटी, अनमोल गुप्ता, राजेश सिंह, दामोदर कसेरा, उपाध्यक्ष अभिजीत जायसवाल, बबलू वर्मा, सचिव प्रणय कुमार, सहसचिव नीरज गुप्ता, पीआरओ प्रतीक अग्रवाल, पंकज खंडेलवाल, मीडिया प्रभारी मनीष केशरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.

 

Tags - Gumla news updates Gumla news Gumla Toll plaza News Gumla Toll Plaza Gumla news updates