logo

खेत में मिला मृत भालू, स्कूटी में ले गए शव; इमली के पेड़ के नीचे मिले टुकड़े करने के निशान

खेत में मिला मृत भालू, स्कूटी में ले गए शव; इमली के पेड़ के नीचे मिले टुकड़े करने के निशान

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

पश्चिमी सिंहभूम जिले में खेत में मृत अवस्था में मिले भालू का मीट खा जाने की आशंका है। दरअसल, जैंतगढ़-छनपदा मार्ग के पास मृत मिले भालू को एक युवक स्कूटी पर ले जाता दिखाई पड़ा था। जांच के दौरान वन विभाग की टीम को पाटाजैंत में इमरी के पेड़ नीचे भालू के बाल और मांस काटने में इस्तेमाल किए जाने वाला धारदार हथियार मिला है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी में ले जाने के बाद मृत भालू का मांस काटकर खाया गया। वन विभाग ने इस मामले में पाटाजैंत के अज्ञात  लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दरअसल, इमली के पेड़ के नीचे मांस के टुकड़े करने के साक्ष्य मिले हैं। इस केस में मांस काटने वाला हथियार और भालू के बाल प्रमुख साक्ष्य हैं। 

12 नवंबर को खेतों में मृत मिला था भालू
मामला दरअसल,  12 नवंबर का है। सूचना मिली थी कि जैंतगढ़ और छनपदा गांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-75 जैंतगढ़-चाईबासा मुख्य मार्ग के पास खेत में भालू का शव मिला है। इंटरनेट मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल होने के पश्चात जब वन विभाग की टीम वहां पहुंची तो शव नहीं मिला। खेत की मालकिन सुभाषिनी नायक ने बताया कि सुबह 8 बजे उन्होंने भालू का शव देखा। खबर फैली तो ग्रामीणों की भीड़ जुटी। भालू के शव का फोटो-वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। महिला का दावा है कि भीड़ कम हुई तो एक युवक भालू के शव को स्कूटी पर लादकर छनपदा की ओर ले गया। बताया जाता है कि जब मृत भालू का शव खेत में पड़ा था, तभी उसके बाल और नाखून नोचकर निकालने की कोशिश की गई थी। 

भालू का शिकार करने पर अधिकतम 7 साल की सजा 
अब पटाजैंत स्थित इमली के पेड़ के नीचे भालू को काटे जाने के सबूत मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया है। वन विभाग, आरोपियों की पहचान कर इस घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। गौरतलब है कि भालू एक संरक्षित जीव है। वन्यजीव सरंक्षण अधिनियम-1972 के तहत भालू का शिकार करना कानून अपराध है। सामान्य तौर पर भालू को पकड़ना, मारना, घायल करना या उसका शिकार करना प्रतिबंधित है। भालू के शिकार पर दोषी पाए जाने पर 3-7 साल की सजा हो सकती है। साथ ही न्यूनतम 25,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। 

Tags - Dead BearWest SinghbhumDead Bear MeatWest Singhbhum Forest Department