द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में चोरों ने एक सुनसान घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर से केवल कीमती सामान ही नहीं, बल्कि बाथरूम के नल और बिजली की वायरिंग तक उखाड़ ले गए। यह मकान कोलकाता में पदस्थापित सिविल सर्जन जयंतो शुक्ल की पत्नी के नाम पर है। परिवार पिछले तीन महीनों से कोलकाता में रह रहा था, जिस कारण घर लंबे समय से बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया।

चोरों ने घर में रखे फ्रिज, एसी का कंप्रेसर, बिजली से जुड़े सामान, खिड़कियों की एल्युमिनियम शीट, बाथरूम के नल, अलमारी में रखी साड़ियां, चादरें और अन्य घरेलू वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा घर की वायरिंग और बाथरूम की पानी की पाइप लाइन को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने गृह स्वामी के साले मनोजित पांडे को दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घर की स्थिति देखकर दंग रह गए। उन्होंने तत्काल अपने जीजा जयंतो शुक्ल और नगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है और सभी पहलुओं से मामले की छानबीन की जा रही है। मनोजित पांडे ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और घर की दोबारा मरम्मत करानी पड़ेगी। सिविल सर्जन जयंतो शुक्ल के कोलकाता से आने के बाद ही चोरी गए सामान की सही कीमत का आकलन हो सकेगा।