द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
INDvsWI T20 Match: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 (India-West Indies T20 Match) मुकाबला आज रांची मे खेला जाएगा। शाम 7 बजे से यह मैच रांची के जेएससीए स्टेडियम (JSCA Stadium) में शुरू होगा। रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और रात मे ओस भी गिर सकती है, ऐसे में टॉस की भूमिका बहुत अहम होगी। प्रशंसक वैभव सूर्यवंशी को यहां खेलते देखना चाहते हैं, लेकिन मैच की पूर्व संध्या पर हुए प्रेस कांफ्रेंस में बैटिंग कोच सितांशु कोटक की बातों से इस बात की कम ही संभावना है कि कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच प्लेइंग-11 में किसी प्रकार का बदलाव करेंगे। संजू सैमसन का फॉर्म जरूर चिंता का विषय है और वह निश्चित रूप से रांची में एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।
ईशान किशन की भूमिका भी अहम होगी, क्योंकि वह अपने होमग्राउंड पर खेलेंगे। बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने हालांकि कहा कि ईशान किशन के लिए प्रत्येक ग्राउंड उसका होमग्राउंड है। दरअसल, इस साल ईशान किशन ने हर प्रकार के विकेट पर रन बनाया है।
.jpeg)
दोपहर 3 बजे खुल जाएंगे स्टेडियम के गेट
गौरतलब है कि दर्शकों की सुविधा के लिए दोपहर 3 बजे ही स्टेडियम के गेट खोल दिए जाएंगे। स्टेडियम के बाहर और परिसर मे भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। गुरुवार को दोनों टीमों ने अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। टीम इंडिया को अपने ओपनर्स संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा से बड़ी शुरुआत की उम्मीद होगी। एशियन गेम्स की तरह वैभव सूर्यवंशी को भी प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है। पिछले मैच के शतकवीर श्रेयस अय्यर पर भी निगाहें होंगी। तिलक वर्मा भी शानदार फॉर्म में हैं। नमन धीर ने पिछले मुकाबले में बढ़िया ऑलरांड प्रदर्शन किया था।
पिछले मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने काफी किफायती गेंदबाजी की थी और वेस्टइंडीज को महज 172 रन पर रोक दिया था। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में अर्शदीप सिंह पर बड़ा दारोमदार होगा।

सीरीज में बढ़त बनाने उतरेगी टीम इंडिया
वेस्टइंडीज की टीम को कप्तान शाई होप, शिमरोन हेटमायर और शेरफेन रदरफोर्ड से बढ़िया बल्लेबाजी की उम्मीद होगी। टीम इंडिया रांची में सीरीज में 2-0 से बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी। टीम इंडिया का रिकॉर्ड रांची में शानदार रहा है। भारतीय टीम यहां खेले गए 4 टी20 मुकाबलों में 4 जीती है।