खुशी ठाकुर/पलामू:
पलामू में राहुल दुबे गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। सतबरवा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। सतबरवा थानाक्षेत्र के रजडेरवा स्थित नेशनल हाईवे निर्माण साइट पर 20 अगस्त की देर रात हुई फायरिंग के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी थी। घटना के दौरान अपराधियों ने निर्माण स्थल पर गोलीबारी की थी, जिसमें पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी 2 मजदूर घायल हो गए थे। घटना के बाद मौके से कथित तौर पर राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा पर्चा भी बरामद हुआ था।

20 अगस्त के गोलीकांड में कथित संलिप्तता
अब इस मामले में सतबरवा थाना पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरफ्तार आरोपी के पास से हथियार बरामद होने की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच में आरोपी की 20 अगस्त के गोलीकांड में कथित संलिप्तता सामने आने की बात कही जा रही है, लेकिन उसकी भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है।

सदर एसडीपीओ ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
इस मामले में सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके सोशल मीडिया चैट और डिजिटल गतिविधियों को भी खंगाल रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोलीकांड में आरोपी की क्या भूमिका थी, गिरोह के अन्य सदस्यों से उसका संपर्क किस प्रकार था और घटना को अंजाम देने की योजना में उसकी संलिप्तता कितनी रही है।

राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि पलामू में राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस पहले भी सक्रिय कार्रवाई कर चुकी है। अब तक दो बार ऐसी कार्रवाई सामने आई है, जिसमें गिरोह के सदस्यों को कथित वारदात को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में पलामू पुलिस की सतर्कता और कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। फिलहाल सतबरवा थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ, सोशल मीडिया चैट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ गोलीकांड और गिरोह की गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की संभावना है।