द फॉलोअप डेस्क
आप कहते हैं हम जनता के सेवक हैं। मगर जब जनता काम के लिए आपके पास पहुंचती हैं तो आप मालिक बन जाते हैं। जनता से मिलते तक नहीं हैं। ये बातें रविवार को बिहार के वैशाली में केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस से अनिल कुमार साफी नामक एक बुजुर्ग ने कही। जिस मंच से केंद्रीय मंत्री भाषण दे रहे थे, उसी मंच पर चढ़कर बुजुर्ग के बोलने की घटना की खूब चर्चा हो रही है। दरअसल रविवार को महनार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ठहराव को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय मंत्री केंद्र सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों को गिना रहे थे, तभी अनिल कुमार साफी मंच पर पहुंच कर मंत्री को खरी खोटी सुनाने लगे।

जनहित एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
वैशाली जिले के महनार रेलवे स्टेशन पर पाटलिपुत्र जंक्शन से सहरसा जंक्शन के बीच चलने वाली जनहित एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव रविवार से हुआ है। इसको लेकर रेलवे की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, इस मामले में बुजुर्ग अनिल कुमार साफी ने कहा कि कोरोना काल से पहले जिस एक्सप्रेस का ठहराव होता था, उसी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उस बुजुर्ग का कहना था कि जिस एक्सप्रेस का ठहराव महनार स्टेशन पर नहीं होता है, उसका ठहराव होना चाहिए।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N