रांची:
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री आबुआ दवाखाना की स्थापना और संचालन करने का निर्णय लिया है। यह एक एकीकृत औषधि केंद्र होगी, जिसका संचालन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में होगा। आबुआ दवाखाना में ग्रामीणों को एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और सिद्ध प्रणाली की जरूरी दवाएं एक ही स्थान पर सुलभता से पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह स्पष्ट निर्देश है कि मरीजों को दवा, गुणवत्तापूर्ण इलाज और अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

ब्लड बैंक की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ब्लड बैंक की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए, साथ ही सभी तरह के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों को एआई आधारित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्त को पत्र लिखकर स्वास्थ्य कैंप लगाने, रक्तदान शिविर का आयोजन करने और रक्त संग्रह प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने इस बात पर खुशी जताई कि रांची सदर अस्पताल में सेंट्रल रेडियोलॉजी हब बना है। उन्होंने कहा कि यह देश का पहला ऐसा सरकारी सेटअप है।

झारखंड के सभी अस्पताल बनेंगे एयर कूल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अस्पतालों को एयर कूल बनाने की कार्य योजना बनाएं। उन्होंने वर्न यूनिट को दुरूस्त करने एवं सभी आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि जले हुए मरीजों का समुचित इलाज हो सके। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजनाओं, मुख्यमंत्री अबुवा स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना आदि विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।