logo

जामताड़ा : RTO चालान का लिंक आया है तो रुकिए, सिमकार्ड ब्लॉक वाले कॉल से सावधान; ये 3 लोग कर देंगे खाता खाली

a4611.jpg

​जामताड़ा: 

साइबर क्राइम के गढ़ माने जाने वाले जामताड़ा में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने 3 कुख्यात साइबर अपराधियों को रंगेहाथों दबोचा है। साइबर डीएसपी अमित कुमार और साइबर थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) राजेश मंडल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

गुप्त सूचना पर करमाटांड़ में छापेमारी
पुलिस को कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में साइबर अपराधियों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। एसपी के निर्देश पर तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्माटांड़ के अलग-अलग गांवों में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय  राजकुमार मंडल, 30 वर्षीय सोनू कुमार मंडल और 28 वर्षीय बंटी कुमार सेन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन साइबर अपराधियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाला 7 मोबाइल फोन और 6 सिमकार्ड बरामद किया है। उनकी भी जांच की जा रही है। 

ऐसे रचा जाता था साइबर ठगी का खेला
साइबर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि ये अपराधी बेहद आधुनिक और शातिराना तरीकों से आम लोगों को अपना शिकार बनाते थे। 

​RTO ई-चालान घोटाला: आरोपी राज कुमार मंडल लोगों के व्हाट्सएप (WhatsApp) पर फर्जी RTO E-CHALLAN का एक APK File लिंक भेजता था। जैसे ही कोई व्यक्ति इस धोखे में आकर ऐप को इंस्टॉल करता, उसका फोन हैक हो जाता। इसके बाद उसकी सारी गोपनीय बैंकिंग जानकारी चोरी कर ई-वॉलेट के जरिए खाते से पैसे उड़ा लिए जाते थे।

​जियो सिम ब्लॉक स्कैम: वहीं, सोनू मंडल और बंटी सेन लोगों को फोन कर डराते थे कि उनका Jio SIM बंद होने वाला है। सिम को चालू रखने या फर्जी केवाईसी/रिचार्ज के नाम पर वे लोगों को झांसे में लेते थे और पलक झपकते ही उनका बैंक खाता खाली कर देते थे।

​सराहनीय कार्य करने वाली टीम
​इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में साइबर अपराध थाना के प्रभारी राजेश मंडल, पु०नि० चन्द्रमणि भारती, पु०नि० मनीष कुमार गुप्ता तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस अब इन अपराधियों के बैंक खातों और अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।

Tags - Jharkhand Cyber Crime NewsCyber Criminal ArrestedCyber CrimeJamtaraJamtara Cyber Police