द फॉलोअप, रांची:
Jharkhand News: भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस (Indian National Youth Congress) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब (Uday Bhanu Chib) झारखंड के दौरे पर हैं। उन्होंने झारखंड युवा कांग्रेस (Jharkhand Youth Congress) के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वोट चोरी के खिलाफ मजबूती से काम हुआ है। कांग्रेस भवन में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार (Central government) इन मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। देश का युवा पेपर लीक और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से परेशान है। वहीं, युवाओं के सामने नशे की समस्या भी एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसके अलावा प्रदूषण और वोट चोरी जैसे मुद्दे भी देश के सामने गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। उदय भानु चिब ने कहा कि आज देश में वोट चोरी एक बड़ी बीमारी बन चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि देश में सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास हो रहा है या नहीं क्यों कि उन्हें भरोसा है कि ज्ञानेश कुमार जैसे लोगों के सहयोग से चुनाव जीत जाएंगे।

26 नवंबर को पूरे देश में संविधान बचाओ मार्च
उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए। भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए युवाओं को आगे आना होगा। युवा कांग्रेस इस लड़ाई को देशभर में जन आंदोलन का रूप देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि आगामी 26 नवंबर को पूरे देश में कांग्रेस की ओर से 'संविधान बचाओ' मार्च आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से संगठन देशभर में सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र, संविधान और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस पूरे जोर-शोर से इस अभियान में अपनी भागीदारी निभाएगी। उदय भानु चिब ने आगे कहा कि पर्व-त्योहारों के कारण संगठन की गतिविधियां कुछ समय के लिए धीमी जरूर हुई थीं, लेकिन अब कांग्रेस (Congress) एक बार फिर पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरेगी। युवाओं के अधिकार, लोकतंत्र की मजबूती और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर संगठन देशभर में अपनी आवाज बुलंद करेगा।
