logo

JPSC के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते से दूसरे दिन भी पूछताछ, CID ने 31 जुलाई को भी किया तलब

jpsc36.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

JPSC के पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते से 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी के सिलसिले में लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ हुई। बुधवार को CID ने एल खियांग्ते से अपने दफ्तर में करीब 8 घंटे तक पूछताछ की। उन्हें 31 जुलाई को फिर तलब किया गया है। जानकारी मिली है कि CID ने एल खियांग्ते से कहा है कि वे 31 जुलाई को कुछ जरूरी दस्तावेजों के साथ आएं। गौरतलब है कि एल खियांग्ते ने 14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों की जांच के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। एल खियांग्ते का तर्क है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने अपना पद छोड़ दिया। उन्होंने हालिया कुछ इंटरव्यू में आरोपों को निराधार बताया है। 

पूर्व चेयरमैन एल खियांग्ते पर क्या आरोप हैं!
एल खियांग्ते पर आरोप है कि उन्हें सिविल सेवा परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने कार्रवाई नहीं की। आरोप लगा कि 6 महीने पहले एक अभ्यर्थी ने 400 OMR की कॉपी भेजकर यह शिकायत की थी कि गड़बड़ी की जा रही है, लेकिन एल खियांग्ते ने संज्ञान नहीं लिया। उनपर यह भी आरोप लगा कि उन्होंने 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा अन्य परीक्षाओं के संचालन का जिम्मा एक ब्लैकलिस्टेड कंपनी TDPL को सौंप दिया। CID, पूछताछ से पहले उनके कांके स्थित सरकारी आवास पर सर्च कर चुकी है। हालांकि, वहां से क्या जब्त किया इसकी जानकारी नहीं है।  

एल खियांग्ते ने सभी आरोपों से इनकार किया
एल खियांग्ते ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने हालिया कुछ मीडिया इंटरव्यू में अपनी सफाई में ये कहा कि उन्होंने बतौर चेयरमैन सारे फैसले तय मानकों और नियमों के हिसाब से ही लिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी ब्लैकलिस्टेड कंपनी को परीक्षा संचालन का जिम्मा नहीं सौंपा। एल खियांग्ते ने कहा कि वे JPSC में प्रशासनिक रिफॉर्म करने के इरादे से आए थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने JPSC की परीक्षाओं में उच्च गोपनीयता नियमों का पालन किया है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और जांच में सहयोग करने के लिए उन्होंने स्वेच्छा से अपना पद छोड़ा है। उन्होंने जेपीएससी की पुरानी भर्ती परीक्षाओं की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। 
 

Tags - JSPCL KhiangteCIDJharkhand