रांची:
झारखंड भाजपा ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर 30 जून से शुरू हुए विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण-2026 (SIR) में BLO द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिला में मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले थैला का इस्तेमाल करने एवं जगन्नाथपुर विधानसभा के मतदान केन्द्र संख्या-176 पर कई मतदाताओं का नाम 2 स्थानों पर होने के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा ने आयोग से इन दोनों मामले की जांच कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद सह विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के प्रदेश संयोजक द्वारा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी - सह-सचिव मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग को 2 अलग-अलग पत्र लिखा गया है।

बीजेपी ने मामले को बताया गंभीर
प्रदेश उपाध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से लिखा है कि 30 जून से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) में BLO द्वारा पश्चिमी सिंहभूम जिला में राज्य के मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले थैला का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। भारत निर्वाचन आयोग एक स्वायत संवैधानिक संस्था है, जो बिलकुल निष्पक्ष रूप से काम करती है। यह मामला अति गंभीर है। उन्होंने इस मामले की जांच कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

2 मतदाता पहचान पत्र होना नियम संगत नहीं
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष ने जगन्नाथपुर विधानसभा के मतदान केन्द्र सं.-176 पर कई मतदाताओं का नाम एक ही बूथ पर एक से अधिक स्थानों पर होने की सूचना भी निर्वाचन आयोग को लिखित रूप से दी है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि इनका मतदाता पहचान पत्र 2 है और इनका इपिक नम्बर भी 2 है, जो नियम संगत नहीं है। इस मामले ने आयोग से गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।