logo

पश्चिमी सिंहभूम के सोनपोखरी गांव में खेत की जुताई के दौरान मिला बमनुमा वस्तु, इलाके में हड़कंप 

पश्चिमी सिंहभूम के सोनपोखरी गांव में खेत की जुताई के दौरान मिला बमनुमा वस्तु, इलाके में हड़कंप 

पश्चिमी सिंहभूम 

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सोनपोखरी गांव के मुंडा टोला में मंगलवार को खेत की जुताई के दौरान संदिग्ध बमनुमा वस्तु मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो गांव के ही निवासी मदन हेम्ब्रम के खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर किसी कठोर वस्तु से टकराया, जिससे तेज आवाज हुई। चालक ने जब जुताई रोककर जांच की तो खेत में एक संदिग्ध धातुयुक्त वस्तु दिखाई दी, जो देखने में बमनुमा प्रतीत हो रही थी। ग्रामीण इसकी प्रकृति को लेकर अनभिज्ञ थे। प्रारंभिक स्तर पर उसे खेत से बाहर निकालकर सुरक्षित तरीके से दूरी पर रख दिया गया।

आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह

स्थानीय लोगों के अनुसार वस्तु का वजन लगभग 30 किलोग्राम बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। घटना की सूचना तत्काल मनोहरपुर थाना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध वस्तु की पहचान तथा उसकी प्रकृति का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद वस्तु वास्तव में विस्फोटक है या कोई अन्य धातु सामग्री। पुलिस जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला क्षेत्र में नदी के किनारे पुराने बम मिले थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया था, जिसने विशेष अभियान चलाकर सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया था।

Tags - Bomb Like Object Metal Object Found Possible Explosive Security Alert