द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र स्थित वीर बुद्धू भगत आवासीय विद्यालय, सिंजो में पढ़ने वाले कक्षा एक के छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृत छात्र की पहचान उज्जवल लोहरा (10 वर्ष), पिता बलराम लोहरा, के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। उज्जवल बालूमाथ प्रखंड के लक्ष्मीपुर गांव का रहने वाला था और आवासीय विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, एक जनवरी को स्कूल की ओर से पिकनिक का आयोजन किया गया था। इसी बीच शुक्रवार की सुबह उज्जवल की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

विद्यालय संचालक सत्येंद्र यादव ने बताया कि बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे प्राथमिक इलाज के लिए मनिका सेवा सदन ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उज्जवल की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। इधर, मृतक के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उज्जवल की मां अनीता देवी ने कहा कि अगर समय रहते उन्हें सूचना दी जाती और बेहतर इलाज की व्यवस्था की जाती, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे की तबीयत बिगड़ने की जानकारी परिजनों को नहीं दी गई और इलाज में भी देरी हुई।

घटना से नाराज परिजन और स्थानीय ग्रामीण निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर परिजन लातेहार थाना पहुंचे, जहां विद्यालय संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।