डेस्क:
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में आत्मघाती बम धमाका हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक काबुल के आलोकोजे काबुल इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में जिस वक्त धमाका हुआ वहां शापेजा क्रिकेट लीग का एक मैच खेला जा रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक आत्मघाती धमाका स्टैंड्स में बैठे दर्शको के बीच हुआ। घटना के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बंकर में ले जाया गया। हैरानी की बात ये भी है कि जिस वक्त धमाका हुआ, वहां संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी मौजूद थे।

काबुल पुलिस मुख्यालय ने की पुष्टि
घटना के वक्त स्टेडियम में पामीर जालमी और बैंड-ए-अमीर ड्रैगन्स के बीच शापेजा क्रिकेट लीग का 22वां मैच खेला जा रहा था। काबुल पुलिस मुख्यालय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारी हालात पर निगाह रख रहे हैं। घटना की गहन जांच भी की जा रही है। इधर, धमाके की वजह से स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई।

तालिबान की वापसी के बाद से बढ़ी घटना
गौरतलब है कि अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के शासन की वापसी हुई। इसके बाद से राजधानी काबुल में कई आतंकी घटनाएं घटी हैं। हाल ही में आईएसआईएस द्वारा कई धार्मिक स्मारकों को निशाना बनाया गया। जून में भी धमाका हुआ था। जुलाई के पहले सप्ताह में भी काबुल में करता परवन गुरुद्वारा में बम विस्फोट हुआ था। हमले की जिम्मेदारी इस्लामिट स्टेट ने ली थी।