द फॉलोअप डेस्क, रांची:
जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता की शिकायत को लेकर आंदोलन कर रहे हजारों अभ्यर्थी अल्बर्ट एक्का चौक से जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल स्टेडियम लौट गए। इससे पहले अभ्यर्थियों ने लंबे समय तक रूक-रूककर हो रही बारिश के बावजूद अल्बर्ट एक्का चौक पर धरना प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने यहां सरकार और आयोगों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अभ्यर्थियों ने सेटिंग-गेटिंग नाय चलतौ के नारे भी लगाए। इससे पहले दोपहर 3 बजे अभ्यर्थियों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक संविधान यात्रा निकाली। अल्बर्ट एक्का चौक पर संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि पारदर्शी और ईमानदार प्रतियोगिता परीक्षा के ठोस भरोसे के बिना वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।