logo

परीक्षा देने जा रही छात्रा का टेंपो पलटने से सड़क हादसे में निधन

मपोूीो3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के बाजार टांड़ में शनिवार सुबह एक टेंपो पलटने से एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कोठार निवासी 20 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जो जीएम कॉलेज भुरकुंडा में परीक्षा देने जा रही थी। नेहा अपने घर से भुरकुंडा जाने के लिए टेंपो में सवार हुई थी, तभी बाजार के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। इस हादसे की खबर फैलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण गुस्साए और उन्होंने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार करते हुए उसे वापस दुर्घटना स्थल पर ले आए।

ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और ट्रैफिक बाधित हो गया। सूचना पाकर रामगढ़ पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मार्ग को बंद कर यातायात को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया। हादसे ने पूरे इलाके में शोक और तनाव फैला दिया है। स्थानीय लोग इस दुर्घटना के लिए टेंपो चालक और वाहन की अनियंत्रित स्थिति को जिम्मेदार मान रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।