logo

मां को गाली देने पर भड़का विवाद, बेटे ने लोहे के रॉड से पीटकर कर दी पड़ोसी की हत्या

crime55.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरकटकोचा पंचायत के गुलरुवां गांव में आपसी विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। पड़ोसियों के बीच हुई मामूली कहासुनी में 40 वर्षीय लक्ष्मण कायम की बेरहमी से लोहे के रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के ही पड़ोसी वीरसिंह कायम पर है। ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद की जड़ उस वक्त पड़ी जब किसी बात को लेकर लक्ष्मण कायम ने आरोपी की मां को गाली दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले बहस हुई और फिर गुस्सा हिंसा में बदल गया। आरोप है कि वीरसिंह कायम ने आपा खोते हुए लोहे के रॉड से लक्ष्मण पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


बताया जा रहा है कि लक्ष्मण कायम लंबे समय से पंजाब में मजदूरी कर रहा था और हाल ही में गांव लौटा था। नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण घटना की सूचना देर से पुलिस तक पहुंची। शुक्रवार देर शाम गोइलकेरा पुलिस को मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस गांव पहुंची।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की और शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा। फिलहाल पुलिस हत्यारोपी वीरसिंह कायम की तलाश में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।